
लखनऊ। उप्र पुलिस ने प्रतिबंधित चीनी मांझे और खतरनाक नायलॉन पतंग डोरी के खिलाफ पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाया।
यह अभियान इलाहाबाद उच्च न्यायालय, राष्ट्रीय हरित अधिकरण और राज्य सरकार के निर्देश पर चलाया गया।
बीते सप्ताह पुलिस ने 117 गोदामों और 11,899 दुकानों की जांच की। 14 केस दर्ज कर 13 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
जांच के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध सिंथेटिक मांझा और शीशा-लेपित नायलॉन डोरी बरामद की गई। जब्त सामान की कीमत करीब 1.93 लाख रुपये है। कई और आरोपियों की भी पहचान की गई है। पुलिस उन सभी की तलाश कर रही है।
पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस आयुक्तों और जिलों के एसएसपी व एसपी को निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पूरी तरह रोकी जाए। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। अभियान जारी रहेगा।




