रांची से दिल्ली जा रहा एयर एंबुलेंस चतरा में क्रैश, विमान में सवार सभी 7 लोगों की मौत

रांची। झारखण्ड राज्य की राजधानी रांची से एक मरीज को इलाज के लिए दिल्ली लेकर जा रही एक एयर एंबुलेंस सोमवार रात चतरा में क्रैश हो गई। इस विमान पर मरीज समेत कुल सात लोग सवार थे, जिनमें सभी की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि आग से गंभीर रूप से झुलसे लातेहार के चंदवा निवासी मरीज संजय कुमार को शाम 7:11 बजे रांची के देवकमल अस्पताल से दिल्ली ले जाया जा रहा था।

रेड बर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड के बीच क्राफ्ट सी 90 एयर एंबुलेंस में मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी व एक अन्य स्वजन ध्रुव कुमार के अलावा एंबुलेस टीम के कैप्टन विवेक विकास भगत, कैप्टन स्वराज दीप सिंह, डॉ. विकास कुमार गुप्ता और पैरा मेडिकल स्टाफ सचिन कुमार गुप्ता सवार थे।

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि शाम 7.34 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से विमान का संपर्क अचानक टूट गया। संपर्क टूटते ही तत्काल हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।

इसी बीच चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाटांड़ गांव के पास स्थित जंगल में स्थानीय लोगों ने विमान का मलबा देखे जाने की सूचना दी।

बाद में चतरा जिला पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत कार्य चलाया।रांची एयरपोर्ट के अनुसार एक मेडिकल फ्लाइट ने उड़ान भरी।

अगले स्टेशन से उसका संपर्क हुआ, फिर कंट्रोल अगले स्टेशन को सौंप दिया गया।इसके बाद संपर्क टूट गया। प्लेन ने रांची एयरपोर्ट से संपर्क नहीं किया। राज्य को इस बारे में बता दिया गया है। सभी जरूरी SOPs का पालन किया जा रहा है।

Back to top button