‘ट्रंप बड़ा एक्शन लेने वाले हैं, देखते रहिए…’US की चेतावनी के बीच ईरानी नागरिकों को फोन पर मिले अलर्ट

तेहरान। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। एक तरफ जहां ट्रंप ने ईरान को समझौते के लिए 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है, वहीं इस बीच ईरान में हजारों लोगों के फोन पर आए धमकी वाले मैसेज ने जंग को लेकर और हलचल मचा दी है।

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा सैन्य हमले की धमकी और क्षेत्र में नौसैनिक बेड़े की तैनाती के बीच, सोमवार को हजारों ईरानी नागरिकों के फोन पर एक रहस्यमयी फारसी मैसेज आया। मैसेज में लिखा था,’अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप एक बड़ा एक्शन लेने वाले आदमी हैं। देखते रहिए।’

‘ईरान इंटरनेशनल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह तनाव ऐसे समय में देखने को मिल रहा है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरानी शासन पर बयानबाजी तेज कर दी है और ईरान में संभावित सैन्य हमले के लिए खाड़ी देशों में अपनी सैन्य उपस्थिति भी बढ़ा दी है।

युद्ध की बढ़ती आशंका के बीच ईरान ने सोमवार को अमेरिका को चेतावनी दी कि ट्रंप की धमकी के जवाब में किसी भी हमले का भयंकर जवाब दिया जाएगा।

26 फरवरी को होने वाली है बैठक

ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान पर सीमित सैन्य हमला करने पर विचार कर रहे हैं, हालांकि दोनों देशों के बीच गुरुवार (26 फरवरी 2026) को जिनेवा में अगली वार्ता होने वाली है।

अमेरिकी सेना के दबाव में नहीं आएगा ईरान

दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को सीबीएस को बताया कि उन्हें अपने देश के परमाणु कार्यक्रम को लेकर जारी गतिरोध के राजनयिक समाधान की अच्छी संभावना दिखती है , साथ ही उन्होंने दोहराया कि तेहरान अमेरिकी सेना के दबाव में नहीं आएगा।

Back to top button