
तेल अवीव। करीब नौ साल के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस्राइल की राजकीय यात्रा पर हैं। हवाई अड्डे पर उनके समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने इस्राइली संसद को संबोधित किया और ऐसा करने वाले वह भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं।
नेतन्याहू ने हिंदी में किया ट्वीट
इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया एक्स पर हिंदी में एक ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा, ‘हमारे संयुक्त रात्रिभोज से पहले, मैंने पारंपरिक भारतीय पोशाक पहनकर अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को चौंका दिया।’
इस्राइल में भी पीएम मोदी की कार डिप्लोमेसी
इस्राइल दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया, जिसमें वे इस्राइली पीएम बेंजमिन नेतन्याहू के साथ एक कार में सवार दिखे।
इस पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा- ‘नेसेट में मेरे भाषण के बाद, पीएम नेतन्याहू और मैं एक एग्जिबिशन देखने जा रहे हैं, जो टेक्नोलॉजी की दुनिया में हुई तरक्की को दिखाएगी।’
हमारे त्योहार भी एक-दूसरे से मेल खाते हैं: पीएम मोदी
इस्राइली संसद नेसेट में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, हमारे त्योहार भी एक-दूसरे से मेल खाते हैं। आप लोग हनुक्का मनाते हैं और मोमबत्तियां जलाते हैं। उसी समय पर हम लोग दिवाली मनाते हैं। भारत रंगों के साथ होली मनाता है। इसी दौरान इस्राइल पुरिम का त्योहार मनाता है।
इस्राइली संसद में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, पिछले कुछ वर्षों में भारत ने अन्य देशों के साथ कई अहम व्यापार समझौते किए हैं। हमारी टीमें महत्वाकांक्षी मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस्राइली संसद को संबोधित करते हुए कहा, जब मैं पहली बार 2006 में इस्राइल आया था, तब यहां चुनिंदा योग के केंद्र थे। आज यहां के हर पड़ोस में योग साधना की जा रही है। मुझे बताया गया है कि आयुर्वेद में भी इस्राइल की रुचि बढ़ रही है।





