
पटना। बिहार की राजनीति में एक युगांतकारी मोड़ सामने आया है। करीब 21 वर्षों से राज्य की सत्ता की धुरी रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब सक्रिय कार्यपालिका की भूमिका से हटकर संसद के उच्च सदन राज्यसभा में जाने की तैयारी में हैं। बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर सामने आया है।
जदयू नेतृत्व की ओर से इसकी पुष्टि के बाद राज्य की सत्ता में बड़े बदलाव की पटकथा साफ होती नजर आ रही है। नीतीश कुमार ने आज गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में जदयू विधायकों की अहम बैठक बुलाई है। वहीं, नीतीश के बेटे निशांत की भी राजनीति में एंट्री हो रही है।
कौन बनेगा बिहार का अगला सीएम?
सूत्रों ने दावा किया है कि नए सीएम की रेस में 3 नाम सबसे आगे चल रहे हैं। पहला नाम है सम्राट चौधरी का। दूसरा नाम है नित्यानंद राय का और तीसरा नाम है दिलीप जायसवाल का।
आज नामांकन दाखिल कर सकते हैं नीतीश कुमार
सूत्रों के अनुसार, गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में सीएम नीतीश कुमार बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ राज्यसभा की उम्मीदवार के तौर पर सुबह साढ़े 11 बजे नामांकन दाखिल सकते हैं।
नीतीश के हटने पर कैबिनेट में होगा बड़ा फेरबदल
सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा चले जाने के बाद बिहार की सियासत में बड़ी तब्दीली देखने को मिल सकती है। चर्चा यह है कि मुख्यमंत्री पद बीजेपी को मिल सकता है। वहीं कैबिनेट में फेरबदल हो सकते हैं।
इसके अलावा, बीजेपी को सीएम पद मिलने के बाद जेडीयू से दो डिप्टी सीएम बन सकते हैं। इनमें से एक नाम नीतीश के बेटे निशांत कुमार का चल रहा है।
फिलहाल, अभी प्रदेश के मुखिया नीतीश कुमार हैं और दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा बीजेपी से हैं।





