
अहमदाबाद। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को बड़े मैचों का धुरंधर गेंदबाज माना जाता है। जब भी टीम को कठिन परिस्थितियों में विकेट या कसी हुई गेंदबाजी की जरूरत पड़ती है वह अपनी सटीक लाइन-लेंथ के दम पर टीम को सफलता दिलाते हैं।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भी उन्होंने एक बार फिर अपनी शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए भारत को महत्वपूर्ण जीत दिलाई।
उनकी नियंत्रित और प्रभावी गेंदबाजी की बदौलत भारतीय टीम न सिर्फ मैच जीतने में सफल रही, बल्कि टी-20 विश्व कप के फाइनल में भी जगह बनाने में कामयाब हुई।
भले ही प्लेयर ऑफ द मैच 86 रन बनाने वाले संजू सैमसन को दिया गया लेकिन उन्होंने भी माना कि उस मैच के असली प्लेयर आफ द मैच बुमराह ही थे।
भारत को अब रविवार को नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के विरुद्ध फाइनल खेलना है। अगर भारतीय टीम लगातार दो टी-20 विश्व कप जीतने वाली टीम और अपने घर में यह खिताब जीतने वाली पहली टीम बनती है तो उसमें धुरंधर बुमराह का बहुत बड़ा योगदान होगा।





