19 साल में 150 प्रतिशत बढ़ी विश्वकप की इनामी राशि, विजेता टीम को मिले इतने रुपये

अहमदाबाद। टी20 विश्व कप 2026 समाप्त हो गया है। भारतीय टीम विश्व विजेता बन गई है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गत चैंपियन भारत का सामना न्यूजीलैंड से हुआ।

भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया और खिताब का बचाव करने में सफल रही।

भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। भारत ने 2007, 2024 और 2026 में इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।

पिछली बार की तुलना में 20 प्रतिशत ज्यादा प्राइज मनी

टी20 विश्व कप की लोकप्रियता प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और इस टूर्नामेंट की कमर्शियल वैल्यू भी लगातार बढ़ी है। पिछले 19 वर्षों में आईसीसी ने लगातार इनामी राशि में बढ़ोतरी की है।

आईसीसी ने इस बार टी20 विश्व कप के लिए कुल इनामी राशि 13.5 मिलियन डॉलर (लगभग 123.77 करोड़ रुपये) रखी है। 2024 टी20 विश्व कप की तुलना में ये करीब 20 प्रतिशत ज्यादा है।

पिछली बार कुल इनामी राशि 11.25 मिलियन डॉलर (आज की तारीख में लगभग 104 करोड़ रुपये) थी।

विजेता भारतीय टीम को 2.45 मिलियन डॉलर (लगभग 20.36 करोड़ रुपये) मिले थे, जबकि उपविजेता दक्षिण अफ्रीका को 1.28 मिलियन डॉलर (लगभग 10.64 करोड़ रुपये) की राशि मिली थी।

किस टीम को मिलेंगे कितने रुपये?

इस बार विजेता टीम को तीन मिलियन (करीब 27.50 करोड़ रुपये) और उपविजेता टीम को 1.6 मिलियन (करीब 14.67 करोड़ रुपये) मिले।

विजेता और उपविजेता टीम के अलावा सेमीफाइनल में जिन दो टीमों का सफर समाप्त हुआ उन्हें एक समान 0.79 मिलियन डॉलर (करीब 7.24 करोड़ रुपये) की राशि मिली।

यानी इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीम को 7.24 करोड़ रुपये मिले। वहीं, पांचवें से 12वें स्थान की टीमों को एक समान 0.38 मिलियन डॉलर (लगभग 3.48 करोड़ रुपये) मिले, जबकि 13 से 20वें स्थान पर रहने वाली टीमों को 0.25 मिलियन (लगभग 2.29 करोड़ रुपये) मिले।

Back to top button