
नई दिल्ली। देश में एलपीजी को लेकर संकट गहराता दिख रहा है और इस मुद्दे पर सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सरकार समाधान देने के बजाय बहाने बना रही है और सवाल पूछने वालों को घेर रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि एलपीजी की कमी अचानक नहीं आई, बल्कि यह सरकार की कमजोर नीतियों का नतीजा है। राहुल गांधी ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा से समझौता किया गया है और देश को आयात पर ज्यादा निर्भर बना दिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे ही सप्लाई में दिक्कत आई, गैस के दाम बढ़ा दिए गए और इसका बोझ सीधे आम जनता पर डाल दिया गया। उनका कहना है कि अगर अभी भी सही कदम नहीं उठाए गए तो आगे हालात और गंभीर हो सकते हैं।





