
नई दिल्ली। भारतीय टीम और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह है उनका एक सोशल मीडिया पोस्ट, जिसने फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता और अटकलों का माहौल बना दिया है। बता दें कि, आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी। धोनी इस सीजन में भी खेलते नजर आएंगे।
क्या कहा धोनी ने?
मंगलवार को धोनी ने फेसबुक पर एक रहस्यमयी पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘कुछ नंबर आपके साथ हमेशा रहते हैं। 7 हमेशा मेरे साथ रहा है। लेकिन आज मैं 8 पर स्विच कर रहा हूं। जल्द ही आपको पता चलेगा क्यों।’ इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई।
नंबर 7 का खास रिश्ता
धोनी का जर्सी नंबर 7 उनके करियर का प्रतीक बन चुका है। 2004 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू से लेकर 2019 तक टीम इंडिया के कप्तान रहते हुए कई ऐतिहासिक जीत दर्ज की। आईपीएल में सीएसके के साथ लंबा सफर तय किया है। नंबर 7 को धोनी की पहचान माना जाता है।
क्या है नंबर 8 का रहस्य?
धोनी के इस पोस्ट के बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ फैंस का मानना है कि वह सच में जर्सी नंबर बदल सकते हैं।
वहीं कई लोग इसे किसी ब्रांड या विज्ञापन से जोड़कर देख रहे हैं। कुछ इसे आईपीएल 2026 से पहले का बड़ा सरप्राइज मान रहे हैं। फिलहाल, धोनी या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
डिविलियर्स ने दी धोनी को सलाह
आईपीएल के 19वें संस्करण की शुरुआत से पहले पहले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने धोनी को खास सलाह दी है।
उन्होंने कहा कि आईपीएल के आगामी सीजन में धोनी का छठे नंबर से नीचे नहीं उतरना चाहिए क्योंकि आठवें और नौवें स्थान पर उतरना उनकी मौजूदगी के साथ न्याय नहीं होता।





