‘धुरंधर 2’ पर विवाद, रणवीर सिंह पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

मुंबई। एक सिख संगठन ने फिल्म धुरंधर : द रिवेंज के निर्माताओं और अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ मुंबई में पुलिस शिकायत दर्ज कराई है।

आरोप है कि फिल्म के पोस्टर में रणवीर सिंह को पगड़ी, दाढ़ी और कड़ा पहने हुए दिखाया गया है, जो सिख धर्म के पवित्र प्रतीक हैं, लेकिन उनके हाथ में सिगरेट भी दिखाई गई है, जिससे समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

यह शिकायत 17 मार्च को मुलुंड पुलिस स्टेशन में सिख इन महाराष्ट्र संगठन द्वारा दी गई। संगठन ने फिल्म के निर्देशक, निर्माता और अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि अभी तक इस मामले में एफआइआर दर्ज नहीं हुई है और पुलिस जांच कर रही है।

गुरबानी विवाद पर माधवन की सफाई

फिल्म को लेकर एक और विवाद सामने आया, जिसमें अभिनेता आर माधवन पर आरोप लगा कि उन्होंने एक सीन में सिगरेट पीते हुए दसम ग्रंथ की पंक्तियां पढ़ीं।

इस पर सिख संगठन के नेता गुरज्योत सिंह कीर ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे गुरबानी का अपमान बताया। विवाद बढ़ने पर माधवन ने वीडियो जारी कर सफाई दी।

उन्होंने कहा कि सीन में पंक्तियां बोलने से पहले ही उन्होंने सिगरेट बुझा दी थी और दृश्य में कहीं भी धुआं नहीं दिखता।

उन्होंने जोर देकर कहा कि फिल्म की टीम किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं रखती और सिख समुदाय का सम्मान करती है।

Back to top button