
जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर श्राइन बोर्ड से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां शुरू दी गई हैं। यात्रा से पहले 29 जून को प्रथम पारंपरिक पूजन होना है और यात्रा 17 जुलाई से शुरू होने की संभावना है। हालांकि, तिथियों की आधिकारिक घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।
प्रशासन ने यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय बैठकों का दौर जारी है।
यात्रा के बीच पड़ने वाले संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त निगरानी की योजना बनाई जा रही है। इसके अलावा, स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को भी मजबूत किया जा रहा है।
यात्रा मार्ग पहलगाम और बालटाल पर मरम्मत कार्य तेज कर दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
लंगर स्थलों, पेयजल, शौचालय और ठहरने की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मेडिकल कैंप और एंबुलेंस सेवाओं की भी संख्या बढ़ाई जा रही है।
सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने पर फोकस
हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए इस पवित्र यात्रा में शामिल होते हैं। ऐसे में प्रशासन का फोकस इस बार भी बेहतर प्रबंधन और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने पर है।
अधिकारियों का कहना है कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।





