
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला 17 दिन के ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन के बाद आज 14 जुलाई को पृथ्वी पर वापसी कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई, जहां उन्होंने भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा के प्रसिद्ध शब्दों को दोहराया: “भारत आज भी सारे जहां से अच्छा है।”
कल धरती पर पहुंचेंगे शुभांशु शुक्ला
बता दें कि Axiom-04 मिशन के तहत ISS में गए चारों अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला (भारत), पैगी व्हिटसन (अमेरिका), स्लावोज उज्नान्स्की-विस्नीवस्की (पोलैंड) और टिबोर कापू (हंगरी) आज धरती के लिए रवाना होंगे।
स्पेसएक्स का ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट शाम 4:30 ISS से धरती के लिए उड़ान भरेगा। यह स्पेसक्राफ्ट कल यानी 15 जुलाई की शाम 3 बजे अमेरिका में कैलिफोर्निया के करीब लैंड करेगा।
भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए मील का पत्थर
शुभांशु की यह यात्रा भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो देश के आत्मनिर्भर अंतरिक्ष भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उनकी यह उड़ान भारत के गगनयान मिशन के लिए आवश्यक अनुभव और प्रेरणा प्रदान करेगी।विदाई के दौरान शुभांशु ने इस मिशन को एक “अविश्वसनीय और जादुई यात्रा” बताया, जो न केवल वैज्ञानिक दृष्टिकोण से बल्कि भावनात्मक रूप से भी गहराई से जुड़ी हुई थी।
उनकी स्पीच ने अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों को भी प्रभावित किया, जो उनकी देशभक्ति और भावनाओं से अभिभूत हो गए।
शुभांशु की यह यात्रा भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है, जो देश की वैज्ञानिक प्रगति और वैश्विक मंच पर उसकी स्थिति को और मजबूत करती है।