WPL 2026 Final: RCB ने मैदान पर मारी बाजी, मंधाना ब्रिगेड दूसरी बार बनी चैंपियन

नई दिल्ली। विमंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के फाइनल में गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार खिताब पर कब्‍जा जमाया। वहीं लगातार चौथी बार लीग का फाइनल खेल रही दिल्‍ली एक बार फिर ट्रॉफी जीतने से चूक गई।

टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी दिल्‍ली ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 203 रन बनाए। ऐसे में लगने लगा था कि दिल्‍ली को अपना पहला खिताब मिल जाएगा।

हालांकि, आरसीबी के बल्‍लेबाजों को यह मंजूर नहीं था। स्‍मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल के तूफानी अर्धशतकों की मदद से आरसीबी ने 204 रनों के टारगेट को 2 गेंद पहले ही चेज कर लिया। तूफानी पारी के लिए मंधाना को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

स्‍मृति मंधाना

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत की हीरो स्‍मृति मंधाना रहीं। फाइनल में मंधाना ने कप्‍तानी पारी खेली और असंभव से लग रहे लक्ष्‍य को आसानी से चेज कर लिया। आरसीबी की कप्‍तान ने 41 गेंदों पर 87 रनों की शानदार पारी खेली।

उन्‍होंने 212.20 की स्‍ट्राइक रेट से बल्‍लेबाजी की और 12 चौकों के साथ-साथ 3 छक्‍के लगाए। उन्‍होंने 23 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। अपनी इस पारी से उन्‍होंने मुकाबले का रुख आरसीबी के पक्ष में मोड़ दिया।

जॉर्जिया वोल

आरसीबी की शुरुआत खराब रही और ग्रेस हैरिस सस्‍ते में आउट हो गईं। 3 नंबर पर बल्‍लेबाजी करने आईं जॉर्जिया वोल ने स्‍मृति मंधाना का भरपूर साथ दिया।

एक समय लग रहा था कि वोल फाइलन में शतक लगा देंगी। हालांकि, मीनू मणि ने उनका विकेट चटका दिया। वोल ने 146.30 की स्‍ट्राइक रेट से बल्‍लेबाजी की।

उन्‍होंने 14 चौकों की बदौलत 54 गेंदों पर 79 रन बनाए। उनके और मंधाना के बीच 165 रनों की पार्टनरशिप हुई। यह WPL में किसी भी विकेट के लिए हाइएस्‍ट साझेदारी है।

लॉरेन बेल

टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी दिल्‍ली कैपटिल्‍स ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए। दिल्‍ली के बल्‍लेबाजों ने आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर कुटाई की।

हालांकि, आरसीबी की लॉरेन बेल काफी किफायती रहीं। उन्‍होंने अपने कोटे के 4 ओवर में 4.80 की इकोनॉमी से 19 रन ही दिए। हालांकि, उनके विकेट का कोटा खाली रहा।

Back to top button