
नई दिल्ली। पाकिस्तान के टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने और आगामी विश्व कप में शामिल होने के फैसले पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने प्रतिक्रिया दी है।
खेल की वैश्विक संस्था ने कहा है कि उन्हें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से आधिकारिक सूचना का इंतजार है।
दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने रविवार को पाकिस्तान टीम के आगामी विश्व कप में शामिल होने की जानकारी दी और बताया कि उनकी टीम भारत के खिलाफ खेले जाने वाले 15 फरवरी के मुकाबले का बहिष्कार करेगी।
ICC को नहीं मिली PCB से कोई आधिकारिक सूचना
पाकिस्तान सरकार के इस फैसले पर ICC ने कहा कि वह पीसीबी से आधिकारिक संवाद की प्रतीक्षा कर रहा है, लेकिन चयनात्मक भागीदारी का यह रुख किसी भी वैश्विक खेल प्रतियोगिता की मूल भावना के विपरीत है। ICC के अनुसार, विश्व स्तरीय टूर्नामेंट में सभी योग्य टीमें तय कार्यक्रम के अनुसार समान शर्तों पर भाग लेती हैं।
पाकिस्तान सरकार के फैसले से ICC खफा
ICC ने आगे कहा, ‘ICC टूर्नामेंट खेल भावना, प्रतिस्पर्धा, निरंतरता और निष्पक्षता पर आधारित होते हैं। ऐसे में चयनात्मक भागीदारी प्रतियोगिता की पवित्रता और भावना को कमजोर करती है।
हालांकि, संस्था राष्ट्रीय नीतियों से जुड़े मामलों में सरकारों की भूमिका का सम्मान करती है, लेकिन परिषद का मानना है कि यह फैसला न तो वैश्विक क्रिकेट के हित में है और न ही दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों, खासकर पाकिस्तान में मौजूद करोड़ों प्रशंसकों के हित में।’
टी20 विश्व कप का सफल आयोजन ICC की प्राथमिकता
ICC ने उम्मीद जताई है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपने देश में क्रिकेट के भविष्य पर पड़ने वाले दीर्घकालिक और गंभीर प्रभावों पर विचार करेगा।
इसका असर उस वैश्विक क्रिकेट तंत्र पर भी पड़ेगा, जिसका पीसीबी स्वयं एक सदस्य और लाभार्थी है। ICC ने स्पष्ट किया कि उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता ICC पुरुष टी20 विश्व कप का सफल आयोजन है, जिसकी जिम्मेदारी पीसीबी सहित सभी सदस्य देशों की है।
परिषद ने पीसीबी से सभी हितधारकों के हितों की रक्षा करते हुए आपसी सहमति से समाधान निकालने की अपेक्षा जताई है।





