
वाशिंगटन/नई दिल्ली। भारत और अमेरिका ने शुक्रवार को एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा जारी की। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक इसके बारे में दोनों देशों ने कहा कि यह एक व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में बातचीत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।
दोनों देशों की ओर से जारी संयुक्त बयान में कहा गया है, ‘अमेरिका और भारत इस ढांचे को तुरंत लागू करेंगे और अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करेंगे। जिससे संदर्भ की शर्तों में सहमत रोडमैप के अनुरूप पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते को पूरा किया जा सके।’
क्या बोले पीयूष गोयल?
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के अनुसार, भारत संवेदनशील कृषि और डेयरी उत्पादों, मक्का, गेहूं, चावल, सोया, मुर्गी पालन, दूध, पनीर, इथेनॉल, कुछ सब्जियों और मांस को पूरी तरह से संरक्षित करता है।
वाणिज्य मंत्री ने कहा कि निर्यात में वृद्धि से हमारी महिलाओं और युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
गोयल के अनुसार, भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते से भारतीय निर्यातकों, विशेष रूप से लघु एवं मध्यम उद्यमों, किसानों और मछुआरों के लिए 30 ट्रिलियन डॉलर का बाजार खुलेगा।





