
पटना। बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को 1995 में दर्ज केस में पटना पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार वह तय तारीख पर अदालत में पेश नहीं हुए थे। गिरफ्तारी से पहले उनके घर पर नाटकीय स्थिति बनी रही।
पप्पू यादव ने अपनी सेहत और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने मीडिया से कहा कि उन्हें नहीं पता आगे उनके साथ क्या होगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह बीमार हैं और सीधे अदालत जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
स्वास्थ्य कारणों से ले जाया गया अस्पताल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पप्पू यादव को स्वास्थ्य जांच के लिए आईजीआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उनकी दवाइयों की व्यवस्था की गई है और उनका केयरटेकर भी साथ है।
मेडिकल जांच के बाद उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाया जाना था। पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।
किस मामले में हुई कार्रवाई?
पटना सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह मामला 1995 में दर्ज हुआ था और पुराने भारतीय दंड संहिता के तहत था, जिसे अब भारतीय न्याय संहिता ने बदल दिया है। केस गर्दनीबाग थाने से जुड़ा है।
इसमें धारा 419, 420, 468, 448, 506 और 120बी लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार इस मामले में अदालत में ट्रायल चल रहा है और सांसद को तय तारीख पर पेश होना था, लेकिन वह पेश नहीं हुए। इसी आधार पर गिरफ्तारी की गई।
पुलिस के मुताबिक मेडिकल जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी। मामला अदालत में लंबित है और ट्रायल जारी है।
गिरफ्तारी का आधार अदालत में अनुपस्थिति बताया गया है। पूरे घटनाक्रम के दौरान पप्पू यादव ने लगातार अपनी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई।





