CM योगी के हमशक्ल की मौत पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- पीट-पीटकर मार डाला

उन्नाव। समाजवादी पार्टी के स्टार प्रचारक और अखिलेश यादव के करीबी रहे योगी के हमशक्ल कहे जाने वाले सुरेश ठाकुर योद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट कर दावा किया है कि उनकी पीट-पीट कर हत्या की गई है।

सुरेश ठाकुर को कई बार अखिलेश यादव के साथ चुनाव प्रचार के मंच पर देखा गया था। अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम के नेतृत्व में एकप्रतिनिधि मंडल कल शुक्रवार को उनके गांव पहुंचा और घटना से संबंधित जानकारी ली।

अखिलेश ने लगाया हत्या का आरोप

अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा की सपा के प्रचारक के रूप में अपनी अलग पहचान बनाने वाले सुरेश ठाकुर की पीट पीट कर हत्या की घटना अत्यंत हृदयविदारक है। सरकार से अपील है कि वह जल्द से जल्द दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित करे।

पत्नी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

सुरेश ठाकुर उन्नाव जिले के सोहरामऊ थाना अंतर्गत चौपाई गांव के रहने वाले थे। पत्नी सरिता ने बताया कि बीते 27 जुलाई को उनका गांव के दो लोगों से विवाद हो गया था जिसके चलते दोनों ने उनकी पिटाई कर दी थी।

पिटाई से घायल सुरेश की इलाज के दौरान कल शुक्रवार को मौत हो गई। सरिता ने उन्नाव पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की बल्कि पुलिस समझौता कराने के प्रयास में थी।

क्या बोली पुलिस

दूसरी तरफ, सीओ हसनगंज संतोष सिंह ने बताया की सुरेश की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। उनके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं थे। 10 तारीख को सुरेश की अचानक तबियत खराब हुई थी। जिसके बाद उनको जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने सुरेश का पोस्टमार्टम भी करवाया, जिसमें हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई है।

Back to top button