एशियन गेम्‍स 2023: ‘इस बार 100 पार’ का लक्ष्य का पूरा, पीएम मोदी ने दी बधाई

हांगझोऊ। चीन के हांगझोऊ में हो रहे एशियाई खेल 2023 में भारत ने इतिहास रच दिया है। ‘इस बार 100 पार’ का लक्ष्य लेकर उतरे भारतीय दल ने 100 से ज्यादा पदक जीत लिए हैं। आजादी के 75वें वर्ष के अमृतकाल में देश ने 19वें एशियाई खेलों में पदकों का शतक पूरा किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियन गेम्‍स 2023 में 100 मेडल पूरे होने पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने कहा कि वो 10 अक्‍टूबर को एशियन गेम्‍स में हिस्‍सा लेने वाले एथलीट्स से मुलाकात करेंगे।

स्पर्धाओं के 13वें दिन भारत ने हॉकी के स्वर्ण सहित नौ पदक जीतकर पदकों की संख्या 95 तक पहुंचाई। इसी के साथ अगले साल होने वाले पेरिस ओलंपिक में हॉकी का टिकट भी पक्का हो गया है। 14वें दिन की शुरुआत में ही भारतीय तीरंदाजों ने चार पदक दिलाए और फिर महिला कबड्डी टीम ने चीनी ताइपे को 26-25 से मात देकर गोल्‍ड मेडल जीतने के साथ साथ भारत के पदकों का शतक भी पूरा किया।

भारत का यह 25वां गोल्‍ड मेडल रहा। शुक्रवार को कुश्ती में तीन कांस्य पदक मिले। तीरंदाजी में एक रजत, एक कांस्य, ब्रिज में रजत, बैडमिंटन में एक कांस्य के अलावा सेपकटेकरॉ में मिला पदक तो ऐतिहासिक है। एशियाई खेलों के आखिरी दिन आज शनिवार को तीन अन्य पदक आने हैं। कबड्डी (1), बैडमिंटन (1) और पुरुष क्रिकेट (1) में भारत को पदक मिलना तय है।

अभी ये पदक तय

कबड्डी में एक पदक : भारत की पुरुष टीम फाइनल में पहुंच चुकी है

क्रिकेट में एक पदक: भारत ने बांग्लादेश को नौ विकेट से हराकर के फाइनल में प्रवेश कर लिया है

बैडमिंटन में एक पदक: बैडमिंटन पुरुष युगल में सात्विक-चिराग की जोड़ी फाइनल में पहुंची

भारत ने एथलेटिक्स में इस बार 29 पदक जीते। इनमें छह स्वर्ण, 14 रजत और नौ कांस्य शामिल हैं। भारत ने इससे पहले ट्रैक एंड फील्ड में सबसे ज्यादा पदक 1951 दिल्ली एशियाई खेलों में जीते थे। तब भारत को 34 पदक मिले थे। इनमें 10 स्वर्ण, 12 रजत और 11 कांस्य पदक शामिल थे। भारत 34 पदक के रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गया।

Back to top button