‘ओबामा ने कुछ नहीं किया, फिर भी उन्हें…’, नोबेल के लिए गिड़गिड़ाए डोनाल्ड ट्रंप

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद के लिए इतनी शिद्दत से नोबेल शांति पुरस्कार चाहते हैं कि अब वे उसके लिए गिड़गिड़ाने की हालत में पहुंच गए हैं।

दरअसल, उन्होंने अपने एक बयान में कहा कि बराक ओबामा ने कुछ नहीं किया फिर भी उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित कर दिया गया, जबकि वे आठ युद्ध रुकवा चुके हैं, ऐसे में उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलना ही चाहिए।

‘ओबामा ने कुछ नहीं किया, बल्कि देश को बर्बाद किया’

गाजा में संघर्ष विराम के एलान के बाद व्हाइट हाउस में मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने आठ युद्ध रोके हैं, लेकिन उन्होंने ये युद्ध किसी पुरस्कार के लिए नहीं रुकवाए। शुक्रवार को ही नोबेल शांति पुरस्कार का एलान होना है। 

ट्रंप ने शिकायती लहजे में कहा कि ओबामा को राष्ट्रपति बने कुछ ही महीने का समय बीता था, जब उन्होंने नोबेल शांति पुरस्कार जीता था। उन्होंने कहा कि ‘उन्होंने (ओबामा) कुछ नहीं किया।

ओबामा को पुरस्कार मिला, लेकिन उन्होंने भी इसका पता नहीं था कि उन्हें चुन लिया गया है। ओबामा को कुछ नहीं करने, बल्कि हमारे देश को तबाह करने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया।’

ओबामा को कब किया गया था सम्मानित?

साल 2009 में बराक ओबामा को नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था, जब ओबामा को पुरस्कार दिया गया, तब उनके राष्ट्रपति कार्यकाल को सिर्फ आठ महीने ही पूरे हुए थे।

यही वजह है कि कई लोगों ने ओबामा को नोबेल शांति पुरस्कार मिलने पर हैरानी जताई थी। यहां तक कि अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने भी ओबामा को नोबेल पुरस्कार मिलने पर हैरानी जताई थी और तर्क दिया था कि इसके लिए उच्च मानक होने चाहिए।

मैंने किसी पुरस्कार के लिए युद्ध नहीं रुकवाए

ट्रंप ने कहा कि ‘मैंने आठ युद्ध रोके हैं, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ लेकिन नोबेल पुरस्कार देने वाली समिति को जो करना है, वो करेंगे। वे जो भी करेंगे, ठीक है। मैं यह जानता हूं कि मैंने ये कोई पुरस्कार पाने के लिए नहीं किया, मैंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि मैंने बहुत से लोगों की जान बचाई।’

कब होगी नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा?

नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा आज शुक्रवार को नॉर्वे के ऑस्लो में की जाएगी। जनवरी में राष्ट्रपति बनने के बाद से ट्रंप कई बार खुद को नोबेल शांति पुरस्कार का दावेदार बता चुके हैं और सार्वजनिक रूप से उन्हें नोबेल पुरस्कार देने की जोरदार वकालत कर चुके हैं। पिछले महीने उन्होंने संयुक्त राष्ट्र को दिए अपने संबोधन में दावा किया कि उन्होंने सात अंतहीन युद्धों को समाप्त कर दिया है।

Back to top button