PM मोदी ने नौसेना के जवानों संग मनाई दिवाली, कहा- INS विक्रांत आत्मनिर्भरता का प्रतीक

कारवार (गोवा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिवाली गोवा के कारवार तट पर भारतीय नौसेना के जवानों के साथ मनाने पहुंचे। सशस्त्र बलों के जवानों के साथ दिवाली मनाने की परंपरा को जारी रखते हुए, प्रधानमंत्री कारवार के तट पर INS विक्रांत का दौरा किया।

इस दौरान पीएम मोदी ने जवानों को भी संबोधित किया। बता दें कि, 2014 से प्रधानमंत्री पद का कार्यभार संभालने के बाद से पीएम मोदी सशस्त्र बलों के जवानों के साथ दिवाली मनाते रहे हैं।

‘INS विक्रांत आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक’

पीएम मोदी ने कहा, आज का दिन अद्भुत है। ये दृश्य अविस्मरणीय है। आज मेरे पास एक तरफ समंदर है, तो दूसरी तरफ मां भारती के वीर जवानों की ताकत है। आज एक तरफ मेरे पास अनंत क्षितिज…अनंत आकाश है। दूसरी तरफ अनंत शक्तियों का प्रतीक यह विशालकाय INS विक्रांत है।

समुद्र के जल पर सूर्य की किरणों की चमक, वीर सैनिकों द्वारा जलाए गए दिवाली के दीयों के समान है। पीएम मोदी ने कहा कि INS विक्रांत आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कारवार के तट पर INS विक्रांत पर दिवाली मनाते हुए कहा, मैं भाग्यशाली हूं कि इस बार मैं दिवाली का यह पावन त्योहार नौसेना के आप सभी वीर जवानों के बीच मना रहा हूं। कल INS विक्रांत पर बिताई गई रात को शब्दों में बयां करना मुश्किल है।

मैंने आप सभी में अपार ऊर्जा और उत्साह देखा। कल जब मैंने आपको देशभक्ति के गीत गाते देखा और जिस तरह से आपने अपने गीतों में ऑपरेशन सिंदूर का वर्णन किया… युद्ध के मैदान में खड़े एक जवान के अनुभव को शब्दों में बयां करना मुश्किल है।

PM बनने के बाद जवानों के साथ मनाते हैं दिवाली

प्रधानमंत्री पद का कार्यभार संभालने के बाद 2014 से पीएम मोदी सशस्त्र बलों के जवानों के साथ दिवाली मनाते रहे हैं।

2014 में वह लद्दाख के सियाचिन ग्लेशियर में तैनात सैनिकों के साथ प्रकाशोत्सव मनाने गए थे।

2015 में वह 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के नायकों को श्रद्धांजलि देने के लिए पंजाब के अमृतसर स्थित डोगराई युद्ध स्मारक गए थे।

2016 में प्रधानमंत्री दिवाली पर हिमाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा के पास सीमा सुरक्षा बल और सेना के जवानों से मुलाकात की थी।

2017 में वह जम्मू-कश्मीर के गुरेज सेक्टर में सुरक्षा बलों से मिलने गए थे।

2018 में प्रधानमंत्री ने अपनी दिवाली उत्तराखंड के हर्षिल में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों के साथ बिताई थी।

2019 में वे जम्मू-कश्मीर के राजौरी में जवानों से मिलने गए।

2020 में प्रधानमंत्री राजस्थान के जैसलमेर के लोंगेवाला में थे।

2021 की दिवाली प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के नौशेरा में सैनिकों के साथ मनाई।

2022 में प्रधानमंत्री मोदी ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कारगिल का दौरा किया था।

वहीं, 2023 में उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लेपचा और 2024 में गुजरात के सरक्रीक में तैनात जवानों के साथ दिवाली मनाई।

Back to top button