चारधाम यात्रा के तीर्थयात्रियों का आंकड़ा 20 लाख पार, सबसे अधिक बाबा केदार के दर्शन

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों का आंकड़ा 20 लाख पार हो गया है। सबसे अधिक 7.13 लाख यात्रियों ने केदारनाथ धाम के दर्शन किए हैं। अब तक चारधाम यात्रा के लिए 40 लाख से अधिक यात्री पंजीकरण करा चुके हैं। सरकार ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फिलहाल 15 जून तक केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पर रोक लगाई है।

पर्यटन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, मौसम साफ होने पर केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में रोजाना 60 हजार से अधिक यात्री दर्शन कर रहे हैं। 22 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने से चारधाम यात्रा का आगाज हुआ, जबकि 25 अप्रैल को केदारनाथ और 27 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद पूर्ण रूप से यात्रा शुरू हुई। 20 मई से हेमकुंड साहिब की यात्रा शुरू की गई। अब तक चारधाम यात्रा में 20 लाख से अधिक यात्री दर्शन कर चुके हैं।

धाम             दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या

केदारनाथ            7,13,049

बदरीनाथ            5,80,185

गंगोत्री              3,94,229

यमुनोत्री             3,64,420

हेमकुंड साहिब     22,691

लगातार मौसम की चुनौती के बावजूद चारधाम यात्रा में व्यावसायिक टैक्सी, मैक्सी, मिनी बस और बस से आने वाले यात्रियों की संख्या ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पिछले साल पूरी यात्रा में जितने ग्रीन कार्ड बने थे, उससे अधिक महज डेढ़ माह में बन चुके हैं।

यात्रा के नोडल अधिकारी आरटीओ सुनील शर्मा ने बताया कि पिछले साल पूरी यात्राकाल में व्यावसायिक वाहनों के कुल 20,303 ग्रीन कार्ड बने थे। इस साल शुक्रवार तक यह आंकड़ा 21,029 तक पहुंच चुका है, जबकि 1334 ग्रीन कार्ड बनने की प्रक्रिया गतिमान है। इनमें टैक्सी के सर्वाधिक 9711, मैक्सी के 6112, मिनी बस के 2572 और बस के 2634 ग्रीन कार्ड शामिल हैं।

Back to top button