
ढाका। बांग्लादेश में आज 13वें संसदीय चुनाव के लिए 299 सीटों पर मतदान कराए गए। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़ने के करीब डेढ़ साल बाद पहली बार आम चुनाव कराए गए हैं। मुख्य मुकाबला बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के बीच है। शेख हसीना की अवामी लीग चुनाव से प्रतिबंधित है।
बीएनपी को 131 सीटों पर बढ़त, जमात 26 पर आगे
बांग्लादेश के संसदीय चुनाव के ताजा रुझानों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी अब तक 131 सीटों पर आगे चल रही है। साधारण बहुमत के लिए पार्टी को 151 सीटों की जरूरत है।
बीएनपी नेताओं ने जीत का भरोसा जताते हुए दावा किया है कि पार्टी बहुमत पार कर चुकी है, हालांकि आधिकारिक नतीजों में इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पार्टी नेता आमिर खुसरो महमूद चौधरी ने दो-तिहाई सीटें जीतने तक का दावा किया है। जमात-ए-इस्लामी प्रमुख शफीकुर रहमान ने भी सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने का संकेत दिया है।
बीएनपी के अध्यक्ष और प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार तारिक रहमान ने दो महत्वपूर्ण सीटों ढाका-17 और बोगरा-6 से अनौपचारिक रूप से जीत दर्ज कर ली है। 17 साल बाद बांग्लादेश वापस लौटे रहमान की जीत बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





